पटना न्यूज डेस्क: पटना में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार हाईवा ने डायल 112 की पुलिस गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना धनरूआ थाना क्षेत्र के भखरी पुल के पास हुई। टक्कर के बाद हाईवा अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई और उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा और चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के समय डायल 112 की गाड़ी में एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी, महिला कांस्टेबल मुन्नी कुमारी और चालक दिलीप कुमार मौजूद थे। तीनों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिसकर्मियों के मुताबिक वे छेड़खानी की सूचना पर कार्रवाई के लिए जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे हाईवा ने टक्कर मार दी।
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक के क्लीनर पंकज कुमार को हिरासत में ले लिया है, जो जहानाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। क्लीनर का कहना है कि वह उस समय सो रहा था और टक्कर कैसे हुई, उसे इसकी जानकारी नहीं है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि अगर हाईवा सीधे गाड़ी के बीच में टकराती तो उनकी जान भी जा सकती थी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक हाईवा पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। हादसे के दौरान कुछ देर के लिए इलाके में जाम भी लग गया। पुलिस अब फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।