पटना न्यूज डेस्क: मनेर थाना क्षेत्र के श्रीनगर स्थित देवी मंदिर के पास एनएच-30 (मनेर-दानापुर मार्ग) पर शनिवार रात दो तेज रफ्तार ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे से आ रही ऑटो से भी जा टकराया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
इस दुर्घटना में ट्रक चालक और ऑटो सवारों सहित करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में एक ट्रक चालक की हालत नाजुक बनी रही, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से दोनों ट्रक चालकों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। बाद में जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे हटाया गया, जिससे यातायात बहाल हो सका।
मृतक चालक की पहचान रामपुर दियारा तोफिर पंचायत के हुलासी टोला निवासी दिलीप राय के 24 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। अन्य घायलों में सोनू कुमार और बसंती देवी समेत कई लोग शामिल हैं। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पूर्व विधायक प्रो. श्रीकांत निराला, पूर्व मुखिया मिथलेश सिंह और वार्ड सदस्य कृष्णा ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।