पटना न्यूज डेस्क : पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में मतगणना शुरू हो गई है और पहले राउंड के रुझान सामने आ चुके हैं। अध्यक्ष पद के लिए एनएसयूआई के शशांक शेखर को 569 वोट मिले हैं, जबकि एबीवीपी की अनुष्का को 190, छात्र राजद के संटू कुमार को 15 और आइसा की सबा आफरीन को 72 मत प्राप्त हुए हैं। शाम 5 बजे तक कुल 37.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के दौरान पटना साइंस कॉलेज परिसर में फायरिंग की घटना भी सामने आई। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। गोली किसने चलाई, इसे लेकर जांच जारी है। घटना के बाद कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
इससे पहले पटना कॉलेज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में छात्रों ने पीरबहोर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। जब पुलिस उन्हें वीसी ऑफिस लेकर जा रही थी, तब छात्रों ने नारेबाजी की और वीसी ऑफिस के गेट के सामने लेटकर विरोध जताया।
छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। रिंकल यादव को पुलिस वाहन में बैठाने के दौरान भी हल्का विवाद हुआ। छात्रों का आरोप है कि नामांकन पत्र में रिंकल यादव का नाम था, लेकिन बैलेट पेपर में रिंकल कुमार छपा है। इसी मुद्दे को लेकर कैंपस में आक्रोश है और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।