पटना न्यूज डेस्क: पटना नगर निगम की 10वीं साधारण बोर्ड बैठक आज आयोजित की जाएगी। यह बैठक पिछले सात महीनों में पहली बार हो रही है। जुलाई 2025 में हुई 9वीं बोर्ड बैठक में हंगामे और विवाद के चलते चर्चाओं का दौर लंबा रहा था। आज की बैठक में भी हंगामे की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में नगर निगम की पूर्व बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी। इसके अलावा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए नए वाहन और उपकरण, नगर निगम विज्ञापन नियमावली में संशोधन, वार्ड स्तर पर विकास योजनाओं और म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने जैसे अहम प्रस्ताव चर्चा में होंगे। निगम 150 ई-रिक्शा वाहन, 150 क्लोज टिपर और 75 ओपन टिपर खरीदने की तैयारी में है।
बैठक में गैर आवासीय संपत्तियों पर टैक्स बढ़ोतरी पर भी चर्चा होगी। सितंबर 2025 में जारी अधिसूचना के अनुसार होटल, जिम, विवाह भवन, निजी अस्पताल सहित अन्य संपत्तियों का टैक्स दोगुना कर दिया गया था। नर्सिंग होम, क्लिनिक और कोचिंग संस्थानों का टैक्स डेढ़ गुणा किया गया है। इसके अलावा शहर की मुख्य सड़कों को प्रधान मुख्य सड़क में शामिल करने का प्रस्ताव भी बोर्ड में रखा जाएगा।
पिछली 9वीं बोर्ड बैठक में मेयर सीता साहू और नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। पार्षदों के दो गुटों में हाथापाई और हंगामा तक हुआ था। उस बैठक में नगर आयुक्त के बहिष्कार के बावजूद 12 एजेंडे पास किए गए थे और पुलिस को मेयर के बेटे की सुरक्षा के लिए रात में बुलाना पड़ा था।