पटना न्यूज डेस्क: हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना में दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड अब भी परेशान कर रही है। पछुआ हवाओं के चलते ठंडक का एहसास बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 फरवरी को पटना में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है, जबकि रात में कोहरे और बादलों का असर दिख सकता है। हालांकि पटना के लिए कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन आसपास के जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी और सुपौल में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आज पटना का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक की बात करें तो पटना का AQI 221 दर्ज किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है और स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।