पटना न्यूज डेस्क: पटना सिटी में गुरुवार सुबह करीब 10:45 बजे दिनदहाड़े हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। मोहम्मद रईस घर से किसी काम से निकले थे, तभी रास्ते में उनके रिश्ते के भांजे मोहम्मद अयाज ने उन पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों को साथ चलते देखा जा सकता है। करीब 17 कदम चलने के बाद अयाज ने अचानक चाकू निकालकर रईस की गर्दन पर वार किया, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़े।
फुटेज के मुताबिक आरोपी ने करीब 23 सेकेंड में 10 से ज्यादा वार किए। आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने हमलावर को रोकने की कोशिश नहीं की। वारदात के बाद आरोपी ने बाल ठीक किए, चाकू से खून झटका और आराम से वहां से निकल गया।
मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि रईस की किसी से दुश्मनी नहीं थी और न ही किसी तरह का विवाद था। घटना के बाद परिवार सदमे में है और हत्या की वजह को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने 26 वर्षीय आरोपी अयाज को चौक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी को कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाते हुए बदले की भावना से हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद ही हत्या की मुख्य वजह सामने आई है।